दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही के दौरान 19 कैग रिपोर्ट पेश की गई और चार महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। इस सत्र की कार्यवाही लगभग 13 घंटे 19 मिनट चली जिसमें पक्ष और विपक्ष के सदस्यों द्वारा विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में कुल 52 जनहित के मामले उठाए गए। इन मुद्दों मे कूड़ा निस्तारण, जलभराव, आवारा पशु, पीडब्लूडी की सड़कों और बिजली के बिलों सहित कई महत्वपूर्ण नागरिक समस्याएं शामिल रहीं। सदन में उत्तर–पूर्वी दिल्ली दंगों में राजनीतिक नेताओं की भूमिका और सजा के मुद्दे पर दो दिवसीय अल्पकालिक चर्चा भी हुई। इसके अलावा, दिल्ली लक्ष्मी योजना के संबंध में सदन ने सर्वसम्मति से बधाई प्रस्ताव पारित किया। श्री गुरु नानक साहिब जी के प्रकाश उत्सव पर शुभकामनाएं दी गईं तथा पूर्व विधायकों और दिल्ली में हुई दुखद आग की घटनाओं के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
सत्र के दौरान चार महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए और पारित किए गए। इनमें दिल्ली बेड एंड ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान (निरसन) विधेयक, नागरिकों को समयबद्ध और सुगम सेवाओं की उपलब्धता के अधिकार से संबंधित विधेयक, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (संशोधन) विधेयक, तथा दिल्ली अग्निशमन सेवा (संशोधन) विधेयक शामिल हैं।