सड़क और सड़क परिवहन क्षेत्र पर भारत-जापान संयुक्त कार्य समूह का 12वां सत्र कल नई दिल्ली में आयोजित किया गया। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि यह बैठक दोनों देशों के बीच सड़क परिवहन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्त्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। मंत्रालय ने कहा कि बैठक में उन्नत निर्माण प्रौद्योगिकियों, सुरंग और पुल इंजीनियरिंग, सतत अवसंरचना विकास और सड़क प्रबंधन में नई और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के अनुप्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।
इस विचार-विमर्श से दोनों देशों के बीच तकनीकी नवाचार, अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला है। साथ ही, सड़क बुनियादी ढांचे की योजना, निर्माण, संचालन और रखरखाव के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसरों का भी पता लगाया गया।