दक्षिणी लेबनान में इज़राइली हवाई हमलों में 12 लोगों की मौत हो गई है। कफ़र रूमाने गांव में एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में 11 लोग मारे गए, जिनमें दो बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। एक दूसरे हमले में वाहन को निशाना बनाया गया, जिसमें एक चिकित्सा कर्मी की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में दक्षिणी लेबनान में इज़राइली हमलों में कम से कम 27 लोगों की जान जा चुकी है।
इज़राइली सेना का कहना है कि उसने ईरान समर्थित संगठन हिज़्बुल्लाह के ठिकानों और हथियार ले जा रहे लोगों को निशाना बनाया। सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई उसके सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले के जवाब में की गई। वहीं, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने हिंसा बढ़ने पर चिंता जताई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इज़राइल पर हमले रोकने के लिए दबाव बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती हिंसा जून में अमरीका की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम के लिए खतरा बन रही है।