स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने वैश्विक महामारी से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित कर रही थीं।
सुश्री श्रीवास्तव ने कहा कि भारत ने महामारी और अन्य स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रयोगशाला नेटवर्क, आपात समन्वय, स्वास्थ्यकर्मियों, आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की क्षमता बढ़ाई है। उन्होंने कोविड महामारी से मिले अनुभवों को दीर्घकालिक निवेश, मजबूत संस्थागत क्षमता और लचीली स्वास्थ्य प्रणालियों में बदलने पर बल दिया।
उन्होंने आवश्यक स्वास्थ्य उत्पादों तक सभी देशों की समान और उचित पहुंच की आवश्यकता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कोविड महामारी के दौरान भारत ने करीब 30 करोड़ वैक्सीन की खुराक लगभग एक सौ देशों और संयुक्त राष्ट्र की दो संस्थाओं को उपलब्ध कराई।
साथ ही, एक सौ पचास से अधिक देशों को चिकित्सा सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि यह ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने वैश्विक महामारी तैयारियों को मजबूत करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया।