अक्टूबर 13, 2026 10:06 अपराह्न

printer

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने सना में यमन ऑयल कंपनी के अल-सबाह केंद्रीय स्टेशन को खाली करने का आग्रह किया

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन की राजधानी सना में यमन ऑयल कंपनी के अल-सबाह केंद्रीय स्टेशन को खाली करने की नागरिकों से अपील की है। गठबंधन ने इसे प्रस्तावित विशेष अभियान से पहले की चेतावनी बताया है। गठबंधन की संयुक्त सेना कमान ने साझा किए गए नक्शे में चिह्नित क्षेत्र को खाली करने के लिए कहा है।

हूती विद्रोहियों ने कथित तौर पर सना पर हमला होने की स्थिति में सऊदी अरब को कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। हूती सैन्य कमान ने अरामको तेल शोधन संयंत्र के आसपास मौजूद कर्मचारियों और नागरिकों से वहां से हटने और दूर रहने को कहा है। हूती समर्थित सना स्थित सबा समाचार एजेंसी के अनुसार, हूतियों ने इन प्रतिष्ठानों को वैध लक्ष्य बताया है।

इस बीच, गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि सऊदी अरब ने रियाद के उत्तर में तीन ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है। खमीस मुशैत की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को भी रोक लिया गया। मौजूदा स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और इंडिगो ने सऊदी अरब के रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना सहित कई शहरों से आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द करने के फैसले को 17 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है।