सितम्बर 26, 2026 8:56 पूर्वाह्न

printer

भारत ने खाड़ी, लाल सागर और काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर बार-बार होने वाले हमलों पर चिंता व्‍यक्‍त की

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से अलग भारत-खाड़ी सहयोग परिषद की त्रिपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता की।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि बैठक में भारत-जीसीसी संयुक्त कार्य योजना 2024-28 की प्रगति की समीक्षा की गई और साझेदारी को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की गई।

विदेश मंत्री ने भारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौते के लिए वार्ता शुरू होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, नई प्रौद्योगिकियों, संस्कृति और जन-जन आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में जीसीसी के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए तत्पर है।

डॉ. जयशंकर ने भारतीय समुदाय को दिए जा रहे समर्थन के लिए जीसीसी नेतृत्व का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्होंने समुद्री परिवहन की स्वतंत्रता तथा नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।