अक्टूबर 23, 2026 10:04 अपराह्न

printer

भारत यूरोप को हथियार निर्यात करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है

भारत यूरोप को हथियार निर्यात करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यूरोप की बढ़ती रक्षा जरूरतों से भारत के रक्षा निर्यात को बढ़ावा मिल रहा है। भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38 हजार 424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। रक्षा सचिव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। देश में 16 प्रमुख सरकारी रक्षा कंपनियां, करीब 840 बड़ी और मध्यम निजी कंपनियां तथा लगभग 17 हजार छोटे उद्योग काम कर रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि रक्षा क्षेत्र में होने वाले कुल सालाना पूंजीगत खर्च का 75 प्रतिशत भारत में ही खर्च किया जाए। इसके तहत देश में बने रक्षा उपकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी। भारत यूरोपीय देशों के साथ मिलकर रक्षा उपकरण बनाने की योजना भी बना रहा है। इसके लिए दोनों पक्ष संयुक्त उद्यम स्थापित कर सकते हैं। साथ ही, यूरोपीय कंपनियों को मेक इन इंडिया के तहत भारत में उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे भारत में रक्षा उत्पादन बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और भारतीय रक्षा उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।