भारतीय नौसेना का वर्ष 2026 का दूसरा कमांडर्स सम्मेलन आज से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तीन दिन के सम्मेलन में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के संचालक और क्षेत्रीय कमांडर भाग लेंगे।
सम्मेलन में सैन्य और रणनीतिक स्तर पर नौसेना की परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच भारत के ऊर्जा हितों की सुरक्षा सहित समुद्री हितों की रक्षा में भारतीय नौसेना की भूमिका को रेखांकित करने की दृष्टि से यह सम्मेलन महत्वपूर्ण होगा।
सम्मेलन के पहले दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राष्ट्रीय समुद्री हितों और भारतीय नौसेना से अपेक्षाओं पर अपना दृष्टिकोण और मार्गदर्शन साझा करेंगे।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और थल सेनाध्यक्ष भी नौसेना कमांडरों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच समन्वय और एकीकरण को और मजबूत करना है।