सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह 21 अक्टूबर को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के परिवार के संपर्क में है। दूतावास उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था के लिए हर संभव सहायता दे रहा है।
दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गये थे। एक नागरिक को कल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे को आज छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
पूर्वी प्रांत के शैबह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक को भी कल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल भारतीय नागरिकों में से दो का इलाज आईसीयू में चल रहा है, जबकि दो अन्य सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। सात घायल भारतीय नागरिकों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार 12 अक्टूबर को रियाद में किया गया। भारत ने घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
दूतावास ने भारतीय समुदाय से सतर्कता बरतने और सऊदी अरब के कानूनों का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से, उसने अवरोधन की घटनाओं और हमले से प्रभावित स्थलों की तस्वीरें या वीडियो बनाने तथा उन्हें साझा करने से जुड़े नियमों का पालन करने को कहा है।