प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी रोक लगाने के मामले में केंद्र सरकार ने मेटा की ग्लोबल टीम को तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि मेटा की टीम अगले सप्ताह के मध्य तक भारत पहुंच सकती है। टीम से एल्गोरिद्म के काम करने के तरीके, संभावित पक्षपात और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा, टीम एक संसदीय समिति के समक्ष भी पेश होगी।
इस सप्ताह की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी की युवाओं को संबोधित फेसबुक पोस्ट पर कुछ समय के लिए रोक लगाए जाने के बाद सरकार ने मेटा के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी तलब किया था। मेटा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए खेद जताया था, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस स्पष्टीकरण को पर्याप्त नहीं माना।
News On AIR | अगस्त 1, 2026 1:49 पूर्वाह्न
प्रधानमंत्री मोदी की फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी रोक लगाने के मामले में केंद्र सरकार ने मेटा की ग्लोबल टीम को तलब किया