सितम्बर 16, 2026 8:32 अपराह्न

printer

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इससे एक अरब 40 करोड़ भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंच आसान होगी और न्यूजीलैंड में रोजगार तथा आय में वृद्धि होगी। 
 
इससे पहले आज न्यूजीलैंड की संसद में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने के लिए आवश्यक विधेयक 93 के मुकाबले 29 मतों से पारित किया गया। व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा कि यह समझौता न्यूजीलैंड के निर्यातकों को दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक भारत तक अधिक पहुंच प्रदान करेगा।
 
इस समझौते से न्यूजीलैंड से भारत को होने वाले 57 प्रतिशत निर्यात पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। इसके पूरी तरह से लागू होने के बाद 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क हटा दिए जाएंगे या काफी कम हो जाएंगे। सभी भारतीय वस्तुओं को न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क मुक्त पहुंच प्राप्त होगी।
 
न्‍यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश पर भी सहमति जताई है। इस समझौते का उद्देश्य 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य प्राप्‍त करना भी है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला