नेपाल की राजधानी काठमांडू में पहली बार ऑर्किड प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ऑर्किड फूलों की रंग-बिरंगी किस्मों के साथ ही इनसे प्रेरित कलात्मक रचनाएं भी प्रदर्शित की जा रही हैं। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 18 से 20 नवंबर तक बुधनीलकंठा के पार्क विलेज रिसॉर्ट में आयोजित की गई है। इसमें ऑर्किड की 100 से अधिक प्रजातियों और किस्मों को प्रदर्शित किया गया है। इससे आगंतुकों को इन फूलों के आकर्षक रंगों, आकारों और विविधता को देखने का अवसर मिल रहा है।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण ऑर्किड कला कार्यशाला और चित्रकला प्रदर्शनी है, जहां लगभग 40 कलाकार ऑर्किड के चित्र बनाते हैं। कलाकार अपनी बनाई कलाकृतियों को भी प्रदर्शित कर रहे हैं, जिन्हें खरीदा भी जा सकता है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नेपाल में ऑर्किड की समृद्ध विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और टिकाऊ आजीविका तथा आर्थिक अवसरों के स्रोत के रूप में पुष्पकृषि की संभावनाओं को सामने लाना है।
‘समृद्धि के लिए ऑर्किड’ विषय पर आयोजित इस प्रदर्शनी के साथ पांचवीं अंतरराष्ट्रीय ऑर्किड संगोष्ठी भी हो रही है। इसमें ऑर्किड के संरक्षण, अनुसंधान और खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शोधकर्ता और विशेषज्ञ चर्चा कर रहे हैं।