अक्टूबर 14, 2026 7:08 अपराह्न

printer

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुखर्जी नगर के शैक्षणिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुखर्जी नगर के शैक्षणिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान छात्रों ने निःशुल्क लाइब्रेरी की कमी, पीजी के अधिक किराए, महिला सुरक्षा, सफाई और पेयजल से जुड़ी समस्याएं उठाईं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निःशुल्क लाइब्रेरी के लिए उपयुक्त जगह तलाशने, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी व्यवस्था सुधारने तथा बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को पिंक टॉयलेट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता, नियमित सफाई और कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने को भी कहा। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से दिल्ली आकर पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सरकार की जिम्मेदारी है।