प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। गुजरात में प्रधानमंत्री वडोदरा से 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही, पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो जाएगी। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह मेगा प्रोजेक्ट अब पूरी तरह तैयार हो चुका है और प्रधानमंत्री इसे औपचारिक रूप से राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री कई नई रेल और मालगाड़ी सेवाओं की शुरुआत भी करेंगे। वे अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री तीन रेलवे परियोजनाओं और तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
इस अवसर पर वे जनसभा को संबोधित भी करेंगे। महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम तकनीक, डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का सातवां संस्करण 11 सितंबर तक मुंबई में चलेगा।