जुलाई 12, 2026 4:16 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 13 से 17 जुलाई तक रहेंगे स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की यात्रा पर

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से 17 जुलाई तक स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे भारतीय उद्योग जगत के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सतत विकास पर विशेष ध्यान देते हुए यूरोप के साथ भारत की आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है।

 यात्रा के पहले चरण में श्री गोयल कल स्पेन पहुंचेंगे, जहां वे स्पेन चैंबर ऑफ कॉमर्स और आईसीईएक्स स्पेन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट के साथ आयोजित एक व्‍यापारिक बैठक में भाग लेंगे।

श्री गोयल 14 और 15 जुलाई को बेल्जियम का दौरा करेंगे। इस दौरान वे थेल्स समूह और सिलॉक्स समूह के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।

 यात्रा के अंतिम चरण में श्री गोयल 16 और 17 जुलाई को फिनलैंड जाएंगे। वहां वे भारत-फिनलैंड व्‍यापार बैठक में भाग लेंगे। इस दौरान दूरसंचार, उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, गतिशीलता और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।