अप्रैल 12, 2026 9:54 अपराह्न

printer

ए.पी.एस.डी.एम.ए. ने अगले दो दिनों के लिए लू चलने का अलर्ट किया जारी

आन्‍ध्र प्रदेश राज्‍य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण – ए.पी.एस.डी.एम.ए. ने अगले दो दिनों के लिए लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने कहा कि कल 51 मंडलों में प्रचंड लू की स्थिति और 49 मंडलों में सामान्‍य लू की स्थिति बनी रहेगी। मंगलवार को 53 मंडलों में प्रचंड लू और 57 मंडलों में लू जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है।

उत्‍तर तटीय जिलों के इससे प्रभावित होने की संभावना है। वहीं, तटीय आंध्र और रायलसीमा क्षेत्रों में उच्‍च तापमान रहने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से पहले ही ऊपर जा चुका है। कडपा जिले के पोट्टीपाडु में आज 43 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने चरम गर्मी के समय में लोगों को सूरज की रोशनी से बचने, हल्‍के कपड़े पहनने, रक्षात्‍मक गियर का प्रयोग करने तथा पर्याप्‍त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। बुजुर्गों और पहले से स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी समस्‍याओं से जूझने वाले लोगों को विशेष ऐहतियात बरतने की सलाह दी है।