नवम्बर 14, 2026 7:09 अपराह्न | NCRTC to launch 'Fast Namo Bharat' rail service from Monday

printer

एनसीआरटीसी सोमवार से शुरू करेगा ‘फास्ट नमो भारत’ रेल सेवा

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम – एनसीआरटीसी सोमवार से सुबह और शाम के व्यस्त समय के दौरान ‘फास्ट नमो भारत’ रेल सेवा शुरू करने जा रहा है।

कम स्टॉप वाली ये नई सेवाएं यात्रा के समय को और कम कर देंगी। इससे यात्री आनंद विहार से गाजियाबाद तक का सफर सिर्फ 8 मिनट में, गाजियाबाद से बेगमपुल तक 28 मिनट में और आनंद विहार से बेगमपुल तक केवल 36 मिनट में पूरा कर सकेंगे।  पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय में तय किया जा सकेगा।

सुबह के पीक आवर्स में, दोनों टर्मिनल स्टेशन सराय काले खां और मोदीपुरम से दो-दो फास्ट ट्रेनें चलेंगी। सराय काले खां से मोदीपुरम की तरफ और मोदीपुरम से सराय काले खां की तरफ ये रेलगाड़ी सुबह 8:00 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी। शाम के पीक आवर्स में भी दोनों टर्मिनल स्टेशनों से दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें शाम 6 बजे और साढे 6 बजे चलेंगी। ये फास्ट ट्रेनें मौजूदा नियमित ‘नमो भारत’ ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी, जो पहले की तरह हर 10 मिनट पर चलती रहेंगी।

ये फास्ट ट्रेनें पूरे कॉरिडोर में केवल पांच प्रमुख स्टेशनों-सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम-पर ही रुकेंगी। पीक आवर्स में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का उद्देश्‍य यात्रियों का कीमती समय बचाना है। यह सेवा उन विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वालों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगी, जिन्‍हें समय पर पहुंचने के लिए एक तेज़ और समय की पाबंद परिवहन सेवा की आवश्‍यकता होती है।

नियमित नमो भारत ट्रेनें इन फास्‍ट ट्रेनों के साथ पहले की तरह परिचालित रहेंगी। एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि ट्रेन में सवार होने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को ध्यान से सुनें, ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि ट्रेन फास्ट सेवा है या नियमित सेवा।