मार्च 8, 2026 9:09 अपराह्न

printer

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हमले तेज किए, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कुद्स फोर्स के कमांडरों को बनाया निशाना

इजराइल ने आज सवेरे दक्षिणी लेबनान पर हमला तेज कर दिया, जिसमें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कुद्स फोर्स की लेबनानी शाखा के कमांडरों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले इस्राएल ने शनिवार को तेहरान में एक तेल भंडारण प्रतिष्‍ठान पर हमला किया था।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में इजराइल हवाई हमलों में दो सैनिक सहित बारह लोग मारे गए हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि इस्राएल के ड्रोन ने बेरूत के एक होटल पर हमला किया, जिसमें चार लोग मारे गए और 10 घायल हो गए।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हमारी वायु रक्षा प्रणाली ने 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और एक सौ 13 ड्रोनों को रोककर नष्ट कर दिया है।

इसी बीच बहरीन में आज ईरान के ड्रोन हमले से समुद्रीय पानी को पीने योग्य बनाने वाले संयंत्र (विलवणीकरण संयंत्र) को नुकसान पहुंचा।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कल पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए माफी मांगी है।इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ा प्रहार करने की धमकी दी और कहा कि और भी क्षेत्र और जनसमूह निशाने पर होंगे। उन्होंने इस स्तर पर किसी भी तरह के समझौते की संभावना से साफ इनकार कर दिया।इस लड़ाई में अब तक ईरान में एक हजार 230 लोग, लेबनान में 290 से अधिक और इस्राएल में 11 लोग मारे जा चुके हैं। छह अमरीकी सैनिकों के भी मारे जाने की खबर है।

इस बीच, बगदाद में अमरीकी दूतावास परिसर के हेलीकॉप्टर लैंडिंग पैड पर एक मिसाइल गिरी। इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से बगदाद के अत्यधिक सुरक्षित ग्रीन ज़ोन में यह पहला हमला था। ईरान और उसके सहयोगी इराकी मिलिशिया ने अमरीकी सैन्य और अन्य ठिकानों पर कई हमले किए हैं। इराक के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने दूतावास पर हमले को आतंकवादी कृत्य बताया।