अगस्त 5, 2026 9:27 पूर्वाह्न

printer

यमन तट के पास हमले के बाद लाल सागर में डूबा भारतीय ध्वज वाला जहाज; सभी नाविक सुरक्षित

भारतीय ध्वज वाला वाणिज्यिक पोत एमएसवी फैज़ नूरे ओलैया कल यमन तट के पास हमले के बाद लाल सागर में डूब गया। पोत पर सवार सभी 14 नाविकों क, सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें 13 भारतीय नागरिक शामिल थे। भारतीय ध्वज वाला यह टैंकर सऊदी अरब से तेल ला रहा था।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने बताया कि यमन के जलक्षेत्र के पास मिसाइल हमले के बाद पोत लाल सागर में डूब गया। श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत इस अकारण हमले की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने कहा कि हमारे लोगों की सुरक्षा देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश मंत्रालय ने भारतीय ध्वज वाले पोत पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की लगातार घटनाएं बहुत चिंताजनक हैं। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से निर्बाध नौवहन और व्यापार शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। रियाद में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। दूतावास चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमनी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।