સામાજિક ફીડ

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

જૂન 23, 2026 8:45 પી એમ(PM)

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार:

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – सुरक्षा सहयोग मजबूत करने और आतंकवाद तथा साइबर सुरक्षा जैसी चुनौतियों से निपटने में ब्रिक्‍स की महत्‍वपूर्ण भूमिका।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिक अलंकरण के दूसरे समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्‍कार पाने वालों में पत्रकार पी. नारायणन, पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और आर. माधवन तथा गायिका अलका याग्निक शामिल।
  3. सरकार ने कहा – अल नीनो के कारण कमजोर मॉनसून के संभावित असर से निपटने में किसानों की मदद के लिए अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं।
  4. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल तक गरज के साथ तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  5. जर्मनी में जूनियर निशानेबाजी विश्‍व चैंपियनशिप में भारत का दबदबा जारी। आज भारत ने दो रजत सहित तीन पदक जीते।
  6. फीफा फुटबॉल विश्‍वकप में, पुर्तगाल का सामना उज्बेकिस्तान से होगा।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में, सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने तथा आतंकवाद और साइबर सुरक्षा से लेकर उभरती प्रौद्योगिकियों तक की साझा चुनौतियों से निपटने में ब्रिक्‍स की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री ने आज शाम ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका सहित ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों तथा वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की।

 

सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने, ग्‍लोबल साउथ की प्राथमिकताओं का समर्थन करने और एक सुरक्षित, अधिक संरक्षित तथा समावेशी विश्व में योगदान देने का प्रयास करेगी।

 

इस बीच, ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 16वीं बैठक आज नई दिल्ली में हुई। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों ने दुनिया के सामने मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान पारंपरिक सुरक्षा के अलावा ऊर्जा, खाद्य, आपूर्ति श्रंखला और साइबर सुरक्षा तथा आतंकवादी नेटवर्क द्वारा इस्तेमाल की जा रही नई तकनीकों और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।

 

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने 2026 में भारत की ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। बैठक के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संयुक्त रूप से मुलाकात की।

 

*****

 

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिक देवो भव की सोच के साथ अधिकारियों से शासन में नागरिकों को केंद्र में रखने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में सहायक सचिव के रूप में नियुक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2024 बैच के एक सौ 83 प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत की। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने युवा सिविल सेवकों से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया। श्री मोदी ने युवा सिविल सेवकों से दृढ़ संकल्प, नवाचार और नागरिक-केंद्रित शासन के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए स्वयं को समर्पित करने का आग्रह किया। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दशकों में हर नीति और प्रशासनिक निर्णय का उद्देश्य विकसित भारत का निर्माण होना चाहिए। श्री मोदी ने युवा अधिकारियों से राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान का निरंतर मूल्यांकन करने का भी आग्रह किया। समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण के दूसरे समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में तथा पूर्व न्यायधीश के.टी. थॉमस को समाज सेवा के लिए पद्म विभूषण से अलंकृत किया गया। एक रिपोर्ट-

 

इस साल सरकार ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। इनमें पांच प‌द्म विभूषण, 13 प‌द्म भूषण और 113 प‌द्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। आज के समारोह में प‌द्म भूषण सात लोगों को दिया गया। जिनमें पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और प्रख्यात गायिका अलका याग्निक शामिल हैं। वही राजनेता शिबू सोरेन को मरणोपरांत प‌द्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके आलावा सत्तावन लोगों को प‌द्म श्री पुरस्कार प्रदान किये गए, जिनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, मशहूर अभिनेता आर. माधवन और प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर वेम्पति शामिल हैं। वहीं, प्रसिद्ध टेलीविज़न और फिल्म अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत प‌द्म श्री से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल  रहे। सुपर्णा सैकिया के साथ, शिवांग मिश्रा आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि सरकार अल नीनो के कारण मानसून के संभावित दुष्‍प्रभाव से निपटने में किसानों की मदद के लिए अग्रिम तैयारियां कर रही है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री चौहान ने यह बात कही।

 

अल नीनो के कारण कमजोर मानसून रहने की जो संभावित स्थितियां हैं और जिसका प्रभाव अब दिखने भी लगा है क्‍योंकि मानसून अभी काफी लेट चल रहा है और ये ओवरऑल अभी तक 43 परसेंट बरसात कम हुई है। आगे भी जो मौसम का अनुमान है कमजोर रहने की संभावना है और इसका मतलब यह है कि हमारी खरीफ की फसल, उस पर इसका असर पड़ सकता है और इसलिए बिना किसी देरी के हम काफी दिनों से इन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियां कर रहे थे। 315 जिले ऐसे होंगे जहां वर्षा  कम रहने की संभावना है।

 

श्री चौहान ने कहा कि राज्यों को दलहन, मोटे अनाज और तिलहन जैसी फसलों को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। इस फसलों को कम पानी की आवश्यकता होती है और जो कठिन परिस्थितियों में भी अच्छी पैदावार दे सकते हैं।

 

*****

 

खान मंत्रालय ने 56 महत्वपूर्ण खनिज खण्‍डों और 11 खनन अन्वेषण लाइसेंस खण्‍डों की सफल नीलामी के साथ देश के खनिज मिशन को गति प्रदान की है। मंत्रालय ने नीलामी के सातवें चरण के अंतर्गत 10 महत्वपूर्ण खनिज खण्‍डों की सफलतापूर्वक नीलामी की है। इससे अब तक नीलाम किए गए खण्‍डों की कुल संख्या 56 हो गई है। कुल मिलाकर अब तक 88 खण्‍डों की नीलामी हो चुकी है।

 

इस चरण में ग्रेफाइट, दुर्लभ खनिज, वैनेडियम, टाइटेनियम, ग्लौकोनाइट और रॉक फॉस्फेट जैसे खनिज शामिल थे।

 

*****

 

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पुराने ट्रकों और बसों को नए ट्रकों और बसों से बदलने के लिए सरकार डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय ने कहा कि समझौते के अंतर्गत मूल उपकरण निर्माता योजना के अंतर्गत खरीदे गए ट्रकों और बसों के एक्स-शोरूम मूल्य पर आठ प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

 

*****

 

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय अनुप्रयुक्त आर्थिक अनुसंधान परिषद के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अंतर्गत दोनों मंत्रालयों में राष्‍ट्रीय परिवहन, गतिशीलता और किफायती आवा-जाही व्‍यवस्‍था की स्थापना की जाएगी। केंद्र का मुख्य उद्देश्य सड़क और परिवहन क्षेत्र में दीर्घकालिक योजना, निवेश और नीति निर्माण में सहयोग हेतु उपयोगी अंतर्दृष्टि प्रदान करना होगा।

 

*****

 

विदेश मंत्रालय ने आज बताया कि भारतीय ध्वज वाले दस जहाज़ अब भी फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में कहा कि अमरीका और ईरान के बीच समझौता ज्ञापन होने के बाद से भारत आने वाले ग्यारह जहाज़़ों ने हॉर्मुज़ जल-डमरू-मध्य को पार किया है। इनमें भारतीय ध्वज वाले कच्चे तेल के तीन टैंकर के अलावा विदेशी ध्वज वाला एक एलपीजी वाहक पोत, एक कच्चा तेल टैंकर और उर्वरक लदे छह मालवाहक जहाज़ शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय ध्वज वाले बाकी जहाज़ भी जल्द ही हॉर्मुज़ जल-डमरू-मध्य से गुज़र सकेंगे।

 

श्री जायसवाल ने कहा कि कतर में हुए धमाके में मारे गए भारतीय नागरिकों के शवों को वापस लाने के लिए भारत सरकार कतर के साथ मिलकर काम कर रही है। 

 

रास लफान परियोजना में जो वहां एक विस्फोट हुआ उस विस्फोट में 12 भारतीय नागरिक मारे गए हैं। इसके अलावा कुल 66 लोग ऐसे हैं जो घायल हुए हैं, वो लोग सब लोग सुरक्षित हैं और हॉस्पिटल में उनकी मेडिकल ट्रीटमेंट हो रही है। ये 12 लोग के बारे में हम लोग कतर में वहां के सरकार के साथ और उनके परिवारजनों के साथ उनसे बातचीत हो रही है हमारी।

 

ब्रिक्स के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कल ईरान, इथियोपिया, चीन, ब्राज़ील और दक्षिण अफ़्रीका के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। 

 

ब्रिक्‍स एनएसए की मीटिंग चल रही है, कल हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की चीन के विदेश मंत्री और वहां के पॉलिट ब्‍यूरौ के जो चीफ हैं उनसे भी हमारे एनएसए की द्विपक्षी वार्ता हुई और इसमें उन्होंने जो हमारे द्विपक्षीय संबंध हैं उसके बारे में जिक्र किया और ये सकारात्मक बातचीत थी।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने फिलीस्‍तीन के साथ अच्‍छे संबंधों के बारे में बात की। उन्‍होंने कहा कि हमने मानवीय आधार पर फिलीस्‍तीन को सहायता भी प्रदान की है।

 

सालों से फिलिस्तीन के साथ हमारे अच्छे संबंध रहे हैं और हम लोगों ने उनको विकास की साझेदारी के तहत कई सारे प्रोजेक्ट्स मुहैया कराया है। ये प्रोजेक्ट्स हम लोगों ने द्विपक्षीय तरीके से और साथ ही साथ उनरवा (यूएनआरडब्ल्यूए) के माध्यम से भी मुहैया कराया है और मानवीय आधार पर उनको सहायता भी प्रदान की है और आगे भी ये कार्य हमारा चलता रहेगा।

 

भारत-संयुक्त अरब अमीरात रक्षा साझेदारी पर प्रवक्ता ने कहा कि हाल के कुछ वर्षों में संयुक्त अरब अमीरात के साथ भारत के रिश्तों में काफी सुधार हुआ है और रक्षा साझेदारी की इसमें प्रमुख भूमिका है।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज मंगोलिया के विदेश मंत्री बत्सेत्सेग बटमुंख और उद्योग तथा खनन मंत्री गोंगोर दमदिन्याम के साथ मंगोल तेल शोधन परियोजना के निर्माण स्थल का दौरा किया। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और मंगोलिया की मैत्री परियोजना में निरंतर प्रगति हो रही है।      

 

*****

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में अमरीका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।

 

*****

 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने स्‍नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-सीयूईटी 2026 के परिणाम आज घोषित कर दिए। उम्मीदवार सीयूईटी के अधिकारिक पोर्टल पर अपना स्कोर कार्ड देख सकते हैं। एजेंसी के अनुसार इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में 11 लाख से ज़्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए।

 

*****

 

नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार लाहिड़ी ने कहा है कि पिछली तिमाही में भारत का कुल व्यापार पांच दशमलव चार प्रतिशत बढ़ा है। आज नई दिल्ली में ट्रेड वॉच क्वार्टरली रिपोर्ट का नवीनतम संस्करण जारी करते हुए उन्होंने यह बात कही। श्री लाहिड़ी ने कहा कि पिछली तिमाही में भारत का निर्यात एक दशमलव आठ चार ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया और आयात में साढ़े छह प्रतिशत की वृद्धि हुई। उन्‍होंने कहा कि भारत को सिर्फ पेट्रोल पर निर्भर न होकर दूसरे विकल्‍पों की ओर बढ़ना चाहिए।

 

 डायवर्सिफिकेशन मतलब सिर्फ पेट्रोलियम में निर्भर होना नहीं चाहिए, तो इसलिए रिन्यूएबल एनर्जी, बायोगैस, विंड, सोलर, न्यूक्लियर को करना चाहिए और दूसरी चीज है वी शुड एक्‍प्‍लोर मोर सो दैट वी कैन हैव मोर डोमेस्टिक पेट्रोलियम दैट वी शुड डायवर्सिफाई और सोर्सेस एक जगह कुछ गड़बड़ हो गया तो हम कहीं और से ला पाएंगे।

 

*****

 

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल तक गरज के साथ तेज हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज तेज वर्षा, आंधी और तेज हवाएं चली, जिससे तापमान में गिरावट आई।

 

अगले दो से तीन दिनों तक असम, मेघालय, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना,  पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की गई है। विभाग ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, केरलम, माहे, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, पंजाब और उत्तराखंड में कल तक तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

*****

 

जर्मनी के सुहल में आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए। 10 मीटर एयर पिस्टल पुरूष जूनियर स्‍पर्धा में शिवा नरवाल ने रजत और युग प्रताप सिंह राठौर ने कांस्य पदक जीता। 10-मीटर एयर पिस्टल पुरूष जूनियर टीम स्‍पर्धा में शिवा नरवाल, संदीप बिश्नोई और चिराग शर्मा की तिकड़ी ने रजत पदक जीता। अब भारत के कुल 15 पदक हो गए हैं।

 

*****

 

फीफा फुटबॉल विश्व कप में आज रात साढे दस बजे ग्रुप-के में अमरीका के ह्यूस्टन में पुर्तगाल का सामना उज्बेकिस्तान से होगा। ग्रुप-एल में, रात डेढ बजे इंग्लैंड का सामना घाना से होगा। वहीं सुबह साढे चार बजे क्रोएशिया का सामना पनामा से होगा।

 

*****

 

लंदन में एफ.आई.एच हॉकी प्रो लीग में भारत ने पाकिस्तान को चार-तीन से हरा दिया है।

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – सुरक्षा सहयोग मजबूत करने और आतंकवाद तथा साइबर सुरक्षा जैसी चुनौतियों से निपटने में ब्रिक्‍स की महत्‍वपूर्ण भूमिका।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिक अलंकरण के दूसरे समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्‍कार पाने वालों में पत्रकार पी. नारायणन, पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और आर. माधवन तथा गायिका अलका याग्निक शामिल।
  3. सरकार ने कहा – अल नीनो के कारण कमजोर मॉनसून के संभावित असर से निपटने में किसानों की मदद के लिए अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं।
  4. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल तक गरज के साथ तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  5. जर्मनी में जूनियर निशानेबाजी विश्‍व चैंपियनशिप में भारत का दबदबा जारी। आज भारत ने दो रजत सहित तीन पदक जीते।
  6. फीफा फुटबॉल विश्‍वकप में, पुर्तगाल का सामना उज्बेकिस्तान से होगा।

 

*****