यूक्रेन की वायुसेना ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर हुए रूसी हमलों के दौरान पांच बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया। हालांकि, कुछ मिसाइलें और ड्रोन रक्षा प्रणाली को भेदते हुए राजधानी कीव समेत कई स्थानों पर गिरे।
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, एक बैलिस्टिक मिसाइल और 25 ड्रोन देशभर के 17 स्थानों पर गिरे। हमलों के बाद कई जगह मलबा भी गिरा और कीव में दो गोदामों में आग लग गई तथा एक स्कूल को नुकसान पहुंचा।
फ्रांस में बैस्टिल दिवस समारोह में शामिल होने के बाद पेरिस में मौजूद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और उसके अंतरराष्ट्रीय साझेदार मिलकर अगले एक वर्ष में कम लागत वाली और बड़े पैमाने पर तैयार की जा सकने वाली वायु रक्षा प्रणाली विकसित कर सकते हैं।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये हमले कीव में लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन बनाने वाली सैन्य उत्पादन इकाइयों को निशाना बनाकर किए गए।