जून 21, 2026 8:42 अपराह्न

printer

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली में योग कार्यक्रम का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्‍ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आसोला-भाटी स्थित नीली झील पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त बनाने की दिशा में योग एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है।

वहीं, श्री सिरसा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो तन, मन और जीवन में संतुलन प्रदान करता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। श्रीमती गुप्‍ता ने नागरिकों से एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली विशाल वृक्षारोपण अभियान 2026 से जुड़कर हरित दिल्ली के निर्माण में भागीदारी की अपील की। वहीं, श्री सिरसा ने कहा कि प्रत्येक पौधा प्रकृति और माताओं दोनों के प्रति हमारा सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक है।

इसके अलावा, योग दिवस के अवसर पर दिल्‍ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने ने भी विकासपुरी स्थित छठ घाट, तालाब पार्क में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और अनुशासित जीवन का आधार है तथा सभी नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील भी की।

मीडिया से बातचीत में, श्री सिंह ने योग को 365 दिन का कार्यक्रम बनाने पर बल देते हुए कहा कि योग से हमारी जीवनशैली बदलने के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक सेहत बेहतर होगा।