सितम्बर 11, 2026 6:34 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक कल्याण की आकांक्षाओं के साथ सकारात्मक चर्चाओं की उम्मीद जताई है, क्योंकि वैश्विक नेता कल से शुरू होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में एकत्रित हो रहे हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि विश्व के नेता कल से शुरू होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में एकत्रित हो रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी और इसका मार्गदर्शक उद्देश्य विश्व कल्याण होगा। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, भारत, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सहित ग्यारह प्रमुख उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाएं एक साथ आएंगी। इस वर्ष ब्रिक्‍स शिखर सम्मेलन का विषय है- “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण”।

शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अबदुल फ़ताह अस्‍सीसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और अबू धाबी के युवराज शेख़-ख़ालेद-बिन-मोहम्मद-बिन-ज़ायद-अल-नहयान सहित विश्व के कई बड़े नेता भाग लेंगे। इथियोपिया के प्रधानमंत्री आबी अहमद अली भी इसमें भाग लेंगे। ब्राजील का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री माउरु विएइरा करेंगे। सऊदी अरब के विदेश मंत्री युवराज फैसल बिन फरहान अल सउद भी शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

शिखर सम्मेलन का शुभारंभ कल ब्रिक्स सदस्य देशों के लिए समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को सुदृढ़ करना विषय पर एक बंद सत्र के साथ होगा। ब्रिक्स सदस्य देशों के नेता भारत मंडपम में भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी देखेंगे। वे संयुक्त रूप से वृक्षारोपण भी करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी एक भव्य रात्रिभोज आयोजित करेंगे। प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिक्स नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। श्री मोदी रविवार को ब्रिक्स सहयोगी देशों के नेताओं और आमंत्रित प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे। सभी प्रतिनिधि लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य निर्माण विषय पर एक सत्र में भाग लेंगे।