पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने कहा है कि भारत-बांग्लादेश की खुली सीमा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने पूर्वोत्तर को देश के शेष भाग से जोड़ने वाले चिकन नेक गलियारे को मजबूत करने पर बल दिया है। श्री रवि आज सिलीगुड़ी में पत्रकारों के लिए आयोजित नारद सम्मान समारोह में भाग लेने के लिए बागडोगरा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बाड़ न लगाए जाने के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा का एक संवेदनशील हिस्सा असुरक्षित बना हुआ है।
श्री रवि ने कहा कि क्षेत्र में जनसांख्यिकी परिवर्तन के कारण चिकन नेक गलियारा भी असुरक्षित हो गया है। राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा का लगभग तीन सौ किलोमीटर हिस्से में बाड़ नहीं लगाई जा सकी क्योंकि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद, केंद्र सरकार को ज़मीन हस्तांतरित नहीं की थी।
राज्यपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए धन पहले ही जारी किया जा चुका है।
श्री रवि ने कहा कि चिकन नेक गलियारे से लगे बिहार के जिलों में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि गलियारे में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से पूर्वोत्तर और देश के बाकी हिस्सों के बीच संपर्क बाधित हो सकता है। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।