राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह दिन पश्चिम बंगाल के भारत का अभिन्न अंग बने रहने के संकल्प और आकांक्षाओं का प्रतीक है।
राष्ट्रपति ने साहित्य, संगीत, कला, विज्ञान, शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मनाई जा रही है, जिनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री राधाकृष्णन ने कहा कि वर्ष 1947 में इसी दिन एक ऐतिहासिक फैसले में भारत के एक अहम हिस्से के रूप में पश्चिम बंगाल राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त किया था। उन्होंने कहा कि देश के सांस्कृतिक और राष्ट्रीय परिदृश्य में पश्चिम बंगाल का महत्वपूर्ण स्थान है। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन, शिक्षा, विज्ञान, साहित्य, संगीत, सिनेमा और सार्वजनिक जीवन में राज्य के योगदान ने देश की सोच को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग अपनी रचनात्मकता और सेवा की भावना के साथ देश के विकास में अहम योगदान देते आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पश्चिम बंग दिवस पर पश्चिम बंगाल के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान, व्यापार, वाणिज्य और समाज सुधार के माध्यम से देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान करने वाला राज्य है। यह दिवस राज्य के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। आज के ही दिन इस बात की पुष्टि हुई थी कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहेगा। प्रधानमंत्री ने इस दिशा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अमूल्य भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राज्य के लोगों के स्वप्न और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने राज्य की प्रगति और समृद्धि की कामना की।
गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने राष्ट्र-निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और संस्कृति, आध्यात्मिकता, शिक्षा, विज्ञान और समाज सुधार जैसे क्षेत्रों में राज्य का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि बंगाल की विरासत, भक्ति आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता संग्राम और बंगाल पुनर्जागरण तक फैली हुई है। श्री शाह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान हस्तियों की भूमि, पश्चिम बंगाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपनी विरासत और गौरव को दोबारा प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।