मौसम विभाग ने कल उत्तर-पूर्वी भारत और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज़ वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। अगले चार-पांच दिन तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इससे मॉनसून जल्द ही तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर जाएगा।
कल राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कल तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश के आसार हैं। बिहार, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइकल और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में भी ऐसी ही संभावना है।मराठवाड़ा में लू की आशंका है। कोंकण और गोवा में अगले दो दिन तक गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।