जून 9, 2026 5:28 अपराह्न | Ministry of Jal Shakti

printer

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने जल शक्ति मंत्रालय की योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा की

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने देश भर में जल संरक्षण और जल संसाधन प्रबंधन को मजबूत करने के लिए जल शक्ति मंत्रालय के विभिन्न कार्यक्रमों और परियोजनाओं की समीक्षा की। सोशल मीडिया पोस्ट में आज उपराष्ट्रपति ने कहा कि बैठक में उन्हें नदी जोड़ो परियोजनाओं और राज्य स्तरीय नदी-लिंकिंग पहलों की प्रगति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे सहित अन्य प्रमुख कार्यक्रमों के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपराष्ट्रपति ने कहा कि नदियों को जोड़ने की परियोजनाएं जल संकट से निपटने, सूखे का दुष्‍प्रभाव कम करने, सिंचाई के दायरे का विस्तार करने और क्षेत्रीय विकास में संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। बैठक के दौरान उन्होंने केन-बेतवा संपर्क जैसी प्रमुख राष्ट्रीय जल अवसंरचना परियोजनाओं का व्यापक दस्तावेजीकरण करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने राष्ट्रीय हित में जल प्रबंधन के लिए दूरदर्शी और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने विभाग की प्रमुख पहल ‘जल संचय जन भागीदारी’ की भी सराहना की, जिसे समग्र समाज के दृष्टिकोण से जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण को मजबूत करने के लिए शुरू किया गया था। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला