मई 23, 2026 7:23 अपराह्न

printer

उत्तराखंड: दो दिन के दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज उत्तराखंड के दो दिन के दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारत-चीन सीमा के नजदीक हर्षिल क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने हर्षिल में बूथ स्तर अधिकारी मिंटू देवी से बात की और मतदाता सूची संशोधन कार्य तथा इस प्रक्रिया में बूथ स्‍तर अधिकारी (बीएलओ) ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी ली। मिंटू देवी के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह का समर्पण और सक्रिय भागीदारी चुनावी प्रक्रिया को और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन के लिए अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट और विदेशी मतदाताओं की पहचान करने के साथ-साथ नए पात्र मतदाताओं को नामांकित करने के लिए बीएलओ ऐप का उपयोग किया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन  आयुक्त ने हर्षिल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आगामी एसआईआर अभ्यास की तैयारियों और मानचित्रण संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।

श्री ज्ञानेश कुमार ने गंगोत्री धाम में सपरिवार देवी गंगा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गंगोत्री मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।