देशभर में आज व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से राज्यव्यापी वृक्षारोपण महा यज्ञ का शुभारंभ किया । उन्होंने लिंक एक्सप्रेसवे के पास पवित्र त्रिवेणी -नीम, पीपल और बरगद के वृक्षों का रोपण किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का एक पौधा भी लगाया। राज्य ने आज 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधे लगाकर इतिहास रच दिया। “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत, शाम 6 बजकर 12 मिनट तक राज्य भर में कुल 35 करोड 27 लाख नवासी हजार 926 पौधे लगाए गए। यह सरकार के 35 करोड़ के लक्ष्य से अधिक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि के लिए राज्य के लोगों को बधाई दी। अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन परिसर में सफेद चंदन का एक पौधा लगाया।
गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया, जिसके तहत उनके लोकसभा क्षेत्र में 12 करोड़ 50 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने 2029 तक निर्वाचन क्षेत्र के हरित आवरण को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए एक दीर्घकालिक पर्यावरण योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बरगद, पीपल, जांबू और अर्जुन जैसी स्वदेशी प्रजातियों के वृक्षारोपण से शहर के तापमान में 5 प्रतिशत की कमी आएगी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में वृक्ष मित्र कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण संकल्प के आयोजन को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण और सतत भविष्य सुनिश्चित करने के लिए वृक्षारोपण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘मिशन लाइफ’ जैसी पहलों का उल्लेख किया। श्री चौहान ने कहा कि भारत ने 2070 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में वृक्षारोपण अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका लक्ष्य राज्य भर में 21 लाख पौधे लगाना है। इसके अलावा, 51 हजार वर्षाजल संचयन इकाइयां स्थापित करने की भी योजना है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन को जन आंदोलन में बदलना है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों, छात्रों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।