जून 15, 2026 2:04 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश: नोएडा अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्‍यि‍क उड़ाने आज से शुरू

उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्‍यि‍क उड़ाने आज से शुरू हो गई हैं। यह देश के विमानन क्षेत्र के लिए महत्‍वपूर्ण उपलब्धि है। नागर विमानन मंत्री किंजारपु राममोहन नायडु ने आज उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पहले चरण में इसकी क्षमता प्रति वर्ष एक करोड़ बीस लाख यात्रियों की होगी। पहला चरण पूरा होने के बाद इसकी क्षमता प्रति वर्ष 7 करोड़ से अधिक होने की संभावना है।

यह हवाई अड्डा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों का संचालन करेगा। श्री नायडू ने कहा कि यह हवाई अड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश भर में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के दृष्टिकोण का परिणाम है। विमानन क्षेत्र के विकास का उल्‍लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्‍या वर्ष 2014 के 74 से बढ़कर अब 165 हो गई है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दशक के दौरान हवाई अड्डा अवसंरचना विकास में एक लाख 40 हजार करोड़ रूपये से अधिक का निवेश किया गया है।

अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच में विलंब को लेकर मीडिया से बात करते हुए श्री नायडू ने कहा कि जांच पूरी गंभीरता से और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है।