संघ लोक सेवा आयोग ने पहली बार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की है। आयोग ने एक वक्तव्य में कहा कि परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार 31 मई शाम छह बजे तक upsconline.nic.in पर उपलब्ध ऑनलाइन प्रश्न पत्र आपत्ति पोर्टल के माध्यम से अपनी आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। उम्मीदवारों को अपनी आपत्तियों के साथ संक्षिप्त स्पष्टीकरण और तीन प्रामाणिक स्रोतों से प्राप्त सहायक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। आयोग ने कहा कि अंतिम उत्तर कुंजी जारी करने से पहले विषय विशेषज्ञों की टीम सभी प्राप्त आपत्तियों की व्यापक समीक्षा करेगी। आयोग ने कहा कि मौजूदा प्रक्रिया के अनुसार अंतिम उत्तर कुंजी अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही जारी की जाएगी।
आयोग ने बताया कि इस महीने की 24 तारीख को आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में लगभग पांच लाख उनचास हज़ार उम्मीदवार शामिल हुए थे। अनंतिम उत्तर कुंजी जारी करना परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के प्रति आयोग की प्रतिबद्धता दर्शाती है।