लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना को देखते हुए उत्तरप्रदेश सरकार ने राज्य के कोचिंग संस्थानों के नियमन को मज़बूत करने और अवैध कोचिंग सेंटरों के ख़िलाफ़ अभियान की शुरूआत की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पूरे राज्य में आग से बचाव के उपायों की जांच ‘मिशन मोड’ में की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी इमारत का इस्तेमाल उसी प्रयोजन के लिए किया जाना चाहिए, जिसके लिए उसे मंज़ूरी मिली है। बेसमेंट में कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम या कोई अन्य व्यावसायिक कार्य को मंज़ूरी नहीं दी जाएगी।
हमारे संवाददाता के अनुसार, सभी ज़िलाधिकारियों को कोचिंग संस्थानों का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें बिजली सुरक्षा, विद्यार्थियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की जाँच भी शामिल हैं।
इस बीच, विशेष जांच दल ने कल लखनऊ में घटना-स्थल का दौरा किया और घायलों से मुलाक़ात की। राज्य की फ़ॉरेंसिक टीम ने भी घटना-स्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं।