मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने अयोध्या की मिल्कीपुर तहसील में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना के लिए 26 हेक्टेयर बंजर भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित करने को मंजूरी दी है।
यह भूमि पूरे लालखान गांव में करीब 65 एकड़ में फैली है और इसका बाजार मूल्य 16 करोड़ 90 लाख रुपये है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और विशिष्ट लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
अयोध्या राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख सांस्कृतिक, धार्मिक और रणनीतिक केंद्र के रूप में उभरा है। ऐसे में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और आपात स्थिति में शीघ्र कार्रवाई के लिए वहां एनएसजी क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना महत्वपूर्ण है।
एनएसजी केन्द्र स्थापित होने से अयोध्या और राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में संवेदनशील तथा रणनीतिक प्रतिष्ठानों को भी अतिरिक्त सुरक्षा कवच मिलेगा।