अगस्त 13, 2026 11:25 पूर्वाह्न

printer

यूपी एफएसडीए ने लखनऊ में दवाओं की फर्जी बिलिंग गिरोह का किया पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन ने कल लखनऊ में फर्जी बिलिंग, क्रॉस-बिलिंग और दवाओं की वास्तविक आपूर्ति के बिना कागजी लेनदेन में शामिल बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया। इसका इस्तेमाल नकली दवाओं को बाजार में बेचने के लिए किया जा रहा था।
 
अमीनाबाद पुलिस थाने में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने दवाओं की वास्तविक आपूर्ति के बिना अपनी फर्मों के बीच बिल बनाए और कागजी लेनदेन के माध्यम से खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड बनाया।
 
जांच के दौरान, अधिकारियों को कथित तौर पर ऐसे दस्तावेज मिले जिनमें अन्य फर्मों के नाम पर ज़ोरिल एम-1, ऑगमेंटिन और डेक्सोरेंज सिरप जैसी दवाओं की खरीद दर्ज थी।
 
विभाग का दावा है कि इन दवाओं को कथित तौर पर अवैध चैनलों के माध्यम से बाजार में पहुंचाया गया, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।