जून 19, 2026 3:27 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुंबई में बहुमंजिला आवासीय परियोजना की आधारशिला रखी

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री, प्रल्हाद जोशी ने आज मुंबई में राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र – पश्चिमी क्षेत्र में बहुमंजिला आवासीय परियोजना की आधारशिला रखी और सूक्ष्मजीवविज्ञानी परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में गाजियाबाद स्थित राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र- उत्तरी क्षेत्र में जूता परीक्षण सुविधा और छत्रपति संभाजीनगर स्थित राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र- उत्तरी क्षेत्र के ऑरिक उपग्रह केंद्र का भी वर्चुअल रूप से उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री जोशी ने कहा कि ये परीक्षण सुविधाएं, बदलती वैश्विक परिस्थितियों में गुणवत्ता के उच्‍च मानक स्‍थापित करके भारत को वैश्विक उत्पादन केंद्र बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जहां विश्व व्यवस्था कमजोर पड़ गई है। उन्होंने कहा कि निर्यात की जाने वाली वस्‍तुएं ही नहीं बल्कि भारत में बनने वाली हर वस्तु उच्चतम गुणवत्ता की होनी चाहिए। उन्होंने भारतीय वस्तुओं के लिए पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव ना डालने और दोष रहित होने के सिद्धांत को दोहराया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में तकनीकी प्रगति का उपयोग करने और भारतीय उत्पादों में विश्वास को तेजी से बढ़ाने के लिए मजबूत नीति अपनाने का आग्रह किया। क्‍योंकि इन मानकों को अपनाने से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में सहायता मिलेगी।