जुलाई 13, 2026 6:45 पूर्वाह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल आज से 17 जुलाई तक स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की यात्रा पर रहेंगे

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज से 17 जुलाई तक स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे उच्च स्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए यूरोप के साथ भारत की आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है।

अपनी यात्रा के पहले चरण में, श्री गोयल आज स्पेन जायेंगे। वे स्पेन के चैंबर ऑफ कॉमर्स, सी.ई.ओ.ई और आई.सी.ई.एक्स स्पेन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट के साथ व्यापार गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में भारत और स्पेन के उद्योग जगत के नेता ऑटोमोटिव, नवीकरणीय ऊर्जा, रेलवे, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सेमीकंडक्टर, खाद्य प्रसंस्करण और पर्यटन क्षेत्रों में अवसरों पर विचार विमर्श करेंगे।

14 और 15 जुलाई को बेल्जियम की यात्रा के दौरान श्री गोयल थेल्स और सिलॉक्स समूह के अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। वे भारत और यूरोपीय संघ व्यापार गोलमेज सम्मेलन तथा व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भी शामिल होंगे, जहां विदेशी निवेश, व्यापार सुगमता, टिकाऊ प्रौद्योगिकियों और सरल आपूर्ति श्रृंखलाओं पर चर्चा होगी।

यात्रा के तीसरे चरण में श्री गोयल 16 और 17 जुलाई को फिनलैंड जायेंगे। वे भारत-फिनलैंड व्यापार गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिनलैंड यात्रा के दौरान श्री गोयल नोकिया, कोने, केम्पी ग्रुप और वीटीटी रिसर्च सेंटर सहित फिनलैंड की प्रमुख कंपनियों और अनुसंधान संस्थानों का दौरा करेंगे, इसका उद्देश्य दूरसंचार, उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, गतिशीलता और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाना है।