जून 24, 2026 8:12 अपराह्न | Union Minister Piyush Goyal

printer

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल कल से तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे ब्रिटेन

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से ब्रिटेन की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा भारत और ब्रिटेन के बीच महत्वपूर्ण व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते तथा दोहरे अंशदान पर समझौते के लागू होने से पहले हो रही है। यह समझौते 15 जुलाई से लागू हो जाएंगे।

यात्रा के दौरान पीयूष गोयल लंदन में ब्रिटेन के व्यापार और वाणिज्य मंत्री पीटर काइल के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बैठक में व्यापार समझौते को लागू करने की तैयारियों पर चर्चा होगी। मंत्रालय के अनुसार, दोनों देश दोहरे अंशदान समझौते के क्रियान्वयन की रूपरेखा की भी समीक्षा करेंगे। इससे दोनों देशों के बीच पेशेवरों और व्यवसायों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यात्रा के दौरान श्री गोयल लंदन में इंडिया ग्लोबल फोरम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। वाणिज्य मंत्री उद्योग जगत के नेताओं और निवेशकों के साथ कई बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत-ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 120 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।