अक्टूबर 12, 2026 11:54 पूर्वाह्न

printer

घरेलू बिजली संयंत्रों में कोयले का भंडार 29 सितंबर से 18 मिलियन टन से ऊपर बना हुआ है

घरेलू कोयला आधारित बिजली संयंत्रों में कोयले का भंडार पिछले महीने की 29 तारीख से एक करोड़ 80 लाख टन से ऊपर स्थिर बना हुआ है। कोयला मंत्रालय ने बताया कि 10 अक्‍टूबर को कोयले का भंडार 1 करोड़ 82 लाख टन से अधिक था। मंत्रालय ने कहा कि यह स्थिरता बिजली संयंत्रों की दैनिक खपत के अनुरूप कोयले की आपूर्ति को दर्शाती है। जिन संयंत्रों में कोयले का भंडार कम है, उनकी आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने और निर्बाध बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील बिजली स्टेशनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार कोयले का पुनर्वितरण किया जा रहा है।

मंत्रालय ने बताया कि इस महीने के पहले दस दिन में बिजली क्षेत्र के लिए औसतन 469 रैक प्रतिदिन लोड किए गए, जबकि पिछले महीने यह आंकड़ा 426 रैक प्रतिदिन था। मंत्रालय ताप विद्युत संयंत्रों में पर्याप्त कोयले का भंडार बनाए रखने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड, एससीसीएल, रेल मंत्रालय और बिजली कंपनियों के साथ मिलकर निरंतर कोयले की निकासी और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है।