वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ भारत और कनाडा के बीच समग्र आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत को गति देने लिए बैठक की। दोनों पक्षों ने बातचीत में तेज़ी लाने और जल्द से जल्द समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी-अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समग्र आर्थिक साझेदारी समझौते से वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के अन्य क्षेत्रों में नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री गोयल ने भरोसा जताया कि साझेदारी समझौते के जल्द पूरा होने से आपसी लाभ के लिए द्विपक्षीय व्यापार को और बढ़ाने तथा भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी को और मज़बूत करने के साझा दृष्टिकोण को साकार करने में मदद मिलेगी।