पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। दिल्ली भाजपा कार्यालय पर श्री मल्होत्रा ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए संगठन और जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा दिल्ली के विकास और जनकल्याण हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस अवसर पर भी बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा की पार्टी को श्री मल्होत्रा के अनुभव से फ़ायदा होगा।
दिल्ली की मुख्यामंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। श्रीमति गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से दिल्ली में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और जनसेवा के कार्यों को और सशक्त दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि हर्ष मल्होत्रा एक सरल, अनुभवी और जमीनी नेता हैं, जिन्होंने हमेशा संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत-विकसित दिल्ली” के लक्ष्य को पूरा करने में हर्ष मल्होत्रा की भूमिका अहम होगी। श्री खंडेलवाल ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा संगठन और मजबूत होगा और विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।