केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कल नई दिल्ली में आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर वर्ष भर आयोजित कार्यक्रमों के समापन समारोह में भाग लिया। यह कार्यक्रम 1975 में घोषित आपातकाल के उस दमनकारी दौर को याद करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला का समापन समारोह था।
इस अवसर पर श्री शेखावत ने ‘लोकतंत्र अमर रहे’ और ‘डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी’ प्रदर्शनियों का दौरा किया जिनमें स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्थानीय और ऐतिहासिक घटनाएं का डिजिटल संग्रह दर्शाया गया है।
श्री शेखावत ने कहा कि यह कार्यक्रम स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि देने, संवैधानिक लोकतंत्र को मजबूत बनाने और भारत की सांस्कृतिक विरासत को हर्ष पूर्वक याद करने के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस बात की याद दिलाता है कि अहंकार और अत्याचार क्षणिक होते हैं और आखिरकार उनका अंत होता ही है।