कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में 15 चयनित पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार-2026 प्रदान किए। पुरस्कार विजेताओं ने राष्ट्र निर्माण, पासपोर्ट सेवा केंद्र, पुराने नियमों को समाप्त करने और नए नियम बनाने, प्रशासन में तकनीकी बदलाव तथा लेखा व्यवस्था जैसी विभिन्न सरकारी परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अनुभव मंच केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों, 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों तथा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों को सरकारी सेवा के अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान पेंशन मित्र पुस्तिका और राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार बदलती प्रशासनिक और सामाजिक जरूरतों के अनुसार पेंशन प्रक्रिया को लगातार सरल बना रही है। उन्होंने बताया कि पेंशन फॉर्म से अनावश्यक प्रावधान हटाए गए हैं और जटिल प्रक्रियाओं को आसान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक पेंशन के प्रावधानों को भी मजबूत किया गया है, जिसमें पात्र बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने पेंशनभोगियों और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से अपने सुझाव साझा करते रहने की अपील की। इससे विभाग अपनी सेवाओं और प्रक्रियाओं में लगातार सुधार कर सके।