सितम्बर 18, 2026 9:03 अपराह्न

printer

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने मध्य प्रदेश में लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य ढांचे, चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ सेवाओं और प्रमुख जन स्वास्थ्य योजनाओं पर चर्चा हुई।
 
श्री नड्डा ने राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी-पीपीपी मॉडल के इस्तेमाल की भी प्रशंसा की।
 
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 में एमबीबीएस की सीटें बढ़कर छह हजार 120 हो गई हैं। एक वर्ष में 520 सीटों की वृद्धि हुई है। सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा में भी विस्तार हुआ है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें 63 से बढ़कर 73 और निजी मेडिकल कॉलेजों में 29 से बढ़कर 53 हो गई हैं।
 
श्री नड्डा ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार से राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित कार्यबल मजबूत होगा और लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज स्थापित करने में पीपीपी मॉडल के अभिनव इस्तेमाल के लिए मध्य प्रदेश सरकार की सराहना भी की।