नवम्बर 12, 2026 9:07 अपराह्न

printer

तमिलनाडु के सभी जिलों में निर्धारित केंद्रों पर मतदाता सूची का एकीकृत मसौदा प्रकाशित

तमिलनाडु के सभी जिलों में आज निर्धारित केंद्रों पर मतदाता सूची का एकीकृत मसौदा प्रकाशित कर दिया गया है। राज्‍य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत जारी मसौदा मतदाता सूची में राज्य में कुल पांच करोड़ 77 लाख 46 हजार 618 मतदाता हैं।

चेंगलपट्टू जिले का शोलिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र पांच लाख 58 हजार 729 मतदाताओं के साथ राज्य में सबसे अधिक मतदाताओं वाला क्षेत्र है। वहीं, चेन्नई जिले का हार्बर विधानसभा क्षेत्र एक लाख 20 हजार 852 मतदाताओं के साथ सबसे कम मतदाताओं वाला क्षेत्र है।

मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरण की जांच के लिए इस महीने की 21, 22 और 29 तारीख को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता अपने विवरण की जांच करने के साथ आवश्यक फॉर्म भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और अपने विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा, पहली जनवरी, पहली अप्रैल, पहली जुलाई और पहली अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी निर्धारित फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।