जुलाई 4, 2026 8:17 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल के नव निर्वाचित विधायकों का दो दिवसीय अनुकूलन कार्यक्रम संपन्न

पश्चिम बंगाल विधानसभा के नव निर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय अनुकूलन कार्यक्रम का आज समापन हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने कहा कि विधायकों को मतदाताओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए और उन्हें भारत के संविधान के मूल्यों का ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने विधानसभा सदस्यों से भारत की संविधान सभा की बहसों को पढ़ने और संघवाद, नियमों और विनियमों के बारे में जानने का आग्रह किया।
 
भारत को लोकतंत्र की जननी बताते हुए उन्होंने कहा कि समानता, विविधता और जनता की आकांक्षाओं पर विचार-विमर्श किसी भी लोकतंत्र की नींव हैं। राज्यपाल आर.एन. रवि ने शिक्षा और स्वास्थ्य की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया। आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने विधायकों को इसके सही कार्यान्वयन की ओर ध्‍यान दिलाया। राज्‍यपाल ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक इस योजना में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
 
उन्‍होंने कहा कि विधायकों को किसानों के उत्‍थान के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्‍वविद्यालयों के साथ किसानों को जोडना चाहिए।  उन्होंने कहा कि एक समय बंगाल औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में से एक था और आज इसकी हालत बदहाल है। पश्चिम बंगाल में उद्योग को पुनर्जीवित करना और सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना तथा उद्यमियों को प्रोत्साहित करना विधायकों का कर्तव्य है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधायकों को सदन में सार्थक चर्चा में भाग लेना चाहिए। विधायकों को केवल विरोध के लिए सदन की कार्यवाही में बाधा नहीं डालनी चाहिए। सदन में उपस्थित लोगों को स्वामी विवेकानंद की आज की पुण्यतिथि याद दिलाते हुए उन्होंने विधायकों से स्वामीजी के विचारों के अनुरूप कार्य करने और हमेशा आम लोगों की बात सुनने तथा उनके लिए काम करने का आग्रह किया।