स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की 143वीं जयंती के अवसर पर आज महाराष्ट्र में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुंबई में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोक भवन में सावरकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, नई दिल्ली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और सोशल मीडिया पोस्ट में सावरकर को एक प्रतिभाशाली साहित्यकार, भाषाई शुद्धिकरण के अग्रदूत और एक महान देशभक्त बताया। बृहन्मुंबई नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों ने सावरकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सावरकर की जन्मभूमि नासिक जिले के भागुर में नगर परिषद के अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अभिनेता विजय पाटकर और पुरातत्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। नासिक शहर के पंचवटी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा स्थापित सावरकर की प्रतिमा पर गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। धराशिव में, जयोस्तु प्रतिष्ठान ने सावरकर के चित्र की विधिपूर्वक पूजा करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बीड जिले के स्वातंत्र्यवीर सावरकर महाविद्यालय में भी उनकी 143वीं जयंती मनाई गई।