जून 30, 2026 6:17 अपराह्न

printer

हूल दिवस के अवसर पर आज राजधानी रांची सहित झारखंड में हूल क्रांति के नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई

हूल दिवस के अवसर पर आज राजधानी रांची सहित झारखंड में हूल क्रांति के नायकों – सिद्धू – कान्हू:, चांद-भैरव और फूलो-झानो को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में पुष्पाजंलि अर्पित की, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिद्धू – कान्हू उद्यान में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हूल क्रांति को भारत की आज़ादी की लड़ाई का एक गौरवशाली अध्याय और बहादुर शहीदों के बलिदान को प्रेरणा का एक स्थायी स्रोत बताया। मुख्यमंत्री ने सिद्धू – कान्हू उद्यान में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र भी बांटे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी रांची के सिद्धू – कान्हू पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित की और हूल आंदोलन को ‘जल’, ‘जंगल’, ‘ज़मीन’ और आदिवासी पहचान की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक जन-आंदोलन बताया।
 
हज़ारों लोगों ने भोगनाडीह और साहिबगंज के पंचकठिया में बने स्मारक स्थल पर हूल क्रांति के शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जहां जन-प्रतिनिधियों और आम लोगों ने इस ऐतिहासिक स्थल पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उप-राजधानी दुमका में भी जन-प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने सिद्धू – कान्हू और फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाकर उनके बलिदान और योगदान को याद किया।