नवम्बर 12, 2026 9:21 अपराह्न

printer

विकसित भारत के निर्माण के लिए कृषि क्षेत्र का विकास, खेती को आधुनिक बनाना और किसानों को सशक्त करना बेहद जरूरी है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए कृषि क्षेत्र का विकास, खेती को आधुनिक बनाना और किसानों को सशक्त करना बेहद जरूरी है। श्री मोदी आज शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में किसान तक भारत कृषि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि भारत की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश की कृषि विकास दर चार प्रतिशत से अधिक रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहला दशक है, जब कृषि क्षेत्र ने इतनी विकास दर हासिल की है। श्री मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब देश में त्योहार मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के अधिकतर त्योहारों का संबंध कृषि से है। प्रधानमंत्री ने इस सम्मेलन के आयोजन को एक अच्छी शुरुआत बताया।
 
दो दिन के इस सम्मेलन में देशभर से करीब दो हजार किसान शामिल हो रहे हैं। इनके अलावा नीति निर्माता, राजनयिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और कृषि वैज्ञानिक भी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में लगभग 20 प्रगतिशील किसान और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित लोग अपने नवाचारों और संघर्ष की कहानियां साझा करेंगे।