जून 7, 2026 9:24 अपराह्न

printer

दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा

दक्षिण-पश्चिम मानसून आज पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तथा नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम के पूरे क्षेत्र में भी पहुंच गया है। इसके अलावा, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून ने दस्तक दी है।
 
मौसम विभाग ने कल तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, केरलम, माहे, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
 
विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में अगले चार से पांच दिनों के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
 
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में आज शाम हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 दशमलव 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 दशमलव 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।