गुजरात के वन और पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोधवाडिया ने कहा है कि गिर जंगल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पिछले एक सप्ताह में आठ शेर शावकों की संदिग्ध मौत के बाद सरकार लगातार निगरानी रख रही है।
श्री अर्जुन मोधवाडिया ने गांधीनगर में मीडिया को बताया कि पिछले दो दिन में किसी नए शावक की मौत की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि एशियाई शेरों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार जरूरी कदम उठा रही है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शावकों की मौत बाबेसियोसिस नाम की बीमारी से हुई है। यह बीमारी टिक्स नाम के कीड़ों के जरिए फैलती है। इसकी पुष्टि के लिए नमूनों को गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र भेजा गया है। तीन से चार दिन में रिपोर्ट आने की उम्मीद है।